Back

सारंडा में भीषण मुठभेड़, 7 घंटे से जारी एनकाउंटर में तीन जवान घायल

Brief By Newsbrief / 5:24 PM on 15 Apr 2026


 

Lरांची: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम स्थित सारंडा के बलिबा जंगल में बुधवार को सुरक्षा बलों और नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा के दस्ते के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई, जो कई घंटों तक जारी रही। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना मिली थी कि मिसिर बेसरा का दस्ता जंगल में सक्रिय है। इसके बाद सीआरपीएफ, कोबरा, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान जंगल में नक्सलियों से आमना-सामना हो गया और दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। 

 

सूत्रों के अनुसार, इस मुठभेड़ में कोबरा के तीन जवानों को गोली लगी है। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर बेहतर इलाज के लिए रांची लाने की तैयारी चल रही है। वहीं सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को भी भारी नुकसान पहुंचने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है और पुलिस मुख्यालय पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। मुठभेड़ खत्म होने के बाद सर्च अभियान तेज किए जाने की संभावना है। 

 

Read more on Newsbrief