Back

पत्नी को डराने के लिए रची गुमशुदगी की साजिश, रातभर नदी किनारे खोजती रही पुलिस

Brief By Newsbrief / 3:08 PM on 15 Apr 2026


जमशेदपुर में एक युवक की कथित गुमशुदगी का मामला बुधवार को रोचक मोड़ पर खत्म हुआ, जब रातभर नदी किनारे तलाशा जा रहा युवक साकची थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा के पास स्थित एक होटल में सकुशल मिला। युवक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी निवासी अविनाश कुमार के रूप में हुई है।

मंगलवार देर रात सोनारी थाना क्षेत्र स्थित डोबो पुल पर अविनाश की स्कूटी और कुछ सामान मिलने के बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और रातभर नदी किनारे उसकी तलाश करते रहे। इस दौरान परिवार गहरे तनाव में रहा।

बुधवार सुबह साकची के एक होटल संचालक ने फोन कर युवक के वहां ठहरने की जानकारी उसके घरवालों को दी। सूचना मिलते ही परिजन होटल पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अविनाश का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पत्नी को डराने के उद्देश्य से उसने डोबो पुल पर स्कूटी छोड़ दी और खुद होटल में जाकर ठहर गया। युवक मंगलवार शाम 5 बजे से लापता था। उसकी सकुशल बरामदगी के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

 

Read more on Newsbrief