Back

1 अगस्त से झारखंड स्वास्थ्य विभाग में एचआरआईएस लागू, नियुक्ति से वेतन तक सब होगा ऑनलाइन

Brief By Newsbrief / 11:46 AM on 14 Apr 2026


झारखंड स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। विभाग 1 अगस्त से ह्यूमन रिसोर्स इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचआरआईएस) लागू करेगा। शुरुआत में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मियों के लिए लागू किया जाएगा। 

इस प्रणाली के लागू होने के बाद चिकित्सकों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति, उपस्थिति, अवकाश स्वीकृति, वेतन प्रबंधन, प्रोन्नति, सेवा रिकॉर्ड और स्थानांतरण जैसी सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएंगी। अभी तक अलग-अलग जिलों और संस्थानों में कर्मचारियों का डेटा अलग स्वरूप में होने से असंगतता और निर्णय में देरी की समस्या सामने आती थी।

एचआरआईएस एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा, जिसमें कर्मचारी की नियुक्ति से लेकर सेवानिवृत्ति तक का पूरा सेवा रिकॉर्ड एक ही जगह उपलब्ध रहेगा। इससे विभाग को रियल टाइम डेटा मिलेगा, प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।

Read more on Newsbrief