Brief By Newsbrief / 6:37 PM on 13 Apr 2026
झारखंड में एक बड़े वित्तीय घोटाले का मामला सामने आने के बाद राज्य सरकार में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, ट्रेजरी से जुड़े मामलों में लगभग 30 से 40 करोड़ रुपये की अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। इस पर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
गढ़वा में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि वर्ष 2000 से 2026 तक राज्य के सभी ट्रेजरी मामलों की जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। सरकार ने इस घोटाले की जांच सीआईडी को सौंपने का निर्णय लिया है।
वित्त मंत्री ने बताया कि राज्य के सभी 24 जिलों में संचालित 33 ट्रेजरी कार्यालयों की गहन जांच की जाएगी। जांच में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही उसकी चल-अचल संपत्ति जब्त कर वसूली भी की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता के पैसों की सुरक्षा और पूरी रिकवरी सुनिश्चित करना है। साथ ही, जेएसएससी उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले पर भी उन्होंने सख्त कार्रवाई की बात दोहराई और सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट किया।