Back

जमशेदपुर में चिप्स गोदाम में भीषण आग, दमकल की 5 गाड़ियों ने बस्ती में टाला बड़ा हादसा

Brief By Newsbrief / 5:16 PM on 11 Apr 2026


जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र स्थित हाता रोड पर कृष्णा ढाबा के पास शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सौरभ इंटरप्राइजेज के चिप्स और कुरकुरे के गोदाम में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं छा गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने दुकान का गेट और छत काटकर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही। सुंदरनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए रही।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोदाम बस्ती इलाके में स्थित है। यदि आग आसपास के घरों तक फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ी घटना टल गई। फिलहाल नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Read more on Newsbrief