Brief By Newsbrief / 4:26 PM on 11 Apr 2026
जमशेदपुर में कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी साकची थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि हिमंत बिस्वा सरमा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती। उनका कहना है कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार विपक्षी दलों के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए जा रहे हैं, जिससे लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे पर आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस प्रदर्शन के बाद जमशेदपुर की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।