Brief By Newsbrief / 3:50 PM on 11 Apr 2026
धनबाद जिले में इन दिनों अवैध लॉटरी का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। स्थिति यह है कि गांव की पगडंडियों से लेकर शहर के व्यस्त बाजारों और नेशनल हाईवे तक खुलेआम लॉटरी टिकट बेचे जा रहे हैं। इस गैरकानूनी धंधे के जरिए रोजाना करोड़ों रुपये के लेन-देन की चर्चा है, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई नदारद दिख रही है।
सूत्रों के अनुसार इस नेटवर्क के पीछे दीपक तिवारी और गुड्डू अंसारी का नाम सामने आ रहा है। बताया जाता है कि गुड्डू अंसारी पहले स्क्रैप और कोयला कारोबार से जुड़े थे, लेकिन अब अवैध लॉटरी के बड़े नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं। मैथन थाना क्षेत्र की रांची कॉलोनी, कालूबथान ओपी और लेदहरिया पंचायत के श्यामलपुर गांव में टिकटों की छपाई और स्टॉकिंग की सूचना है, जहां से जिलेभर में सप्लाई की जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल पुलिस प्रशासन की भूमिका पर उठ रहा है। जब एसएसपी प्रभात कुमार से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। इस अवैध कारोबार में गरीब और भोले-भाले लोग झूठे सपनों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं। अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।