Brief By Newsbrief / 1:22 PM on 11 Apr 2026
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित मां तारानी कॉलोनी में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। रोड नंबर दो निवासी गौरांग मंडल का परिवार पिता के निधन के बाद श्राद्ध कर्म के लिए घाटशिला के सुरदा गांव गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने घर की छत का टीन काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए।
चोरों ने घर में घुसते ही अलमारी का लॉक तोड़ा और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, चेन, चांदी के बर्तन और भगवान की चांदी की मूर्ति चोरी कर ली। इसके अलावा घर से संचालित कपड़े की दुकान से करीब 50 हजार रुपये के जींस, साड़ियां और अन्य कपड़े भी उठा ले गए। कुल नुकसान लगभग 15 लाख रुपये बताया जा रहा है।
परिवार के लौटने पर घर का सामान सभी कमरों में बिखरा मिला। घटना में तीन चोरों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आसपास की CCTV फुटेज खंगाली जा रही है, जबकि स्थानीय लोग इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।