Back

मशरूम से महिला सशक्तिकरण: घर बैठे रोजगार ने बदली पूर्वी सिंहभूम की तस्वीर

Brief By Newsbrief / 12:52 PM on 10 Apr 2026


पूर्वी सिंहभूम जिले की महिलाएं ऑयस्टर मशरूम उत्पादन के जरिए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। जिला उद्यान विभाग की पहल पर पटमदा, चाकुलिया, बहरागोड़ा, धालभूमगढ़, घाटशिला, जादूगोड़ा, मुसाबनी, डुमरिया और गुड़ाबांधा क्षेत्र की 219 महिलाओं को वैज्ञानिक तरीके से मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मशरूम बैग भी उपलब्ध कराए गए, जिससे वे घर पर ही उत्पादन शुरू कर सकें।

अब ये महिलाएं अपने घरों की छत, छोटे कमरों और खाली जगहों में ऑयस्टर मशरूम उगाकर स्थानीय बाजार में बेच रही हैं। बाजार में इसकी कीमत 300 रुपये प्रति किलो तक मिल रही है, जिससे उनकी आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पहले स्पॉन बाहर से मंगवाना पड़ता था, लेकिन अब महिलाएं खुद स्पॉन और बैग तैयार करना सीख चुकी हैं, जिससे लागत घटी और मुनाफा बढ़ा है।

डुमरिया प्रखंड के चांदनडिहा गांव की पारुल साव ने बताया कि 30 बैग से करीब 25 किलो मशरूम उत्पादन हुआ, जिसे बेचकर अच्छी कमाई हुई। जिला उद्यान पदाधिकारी अनिमा लकड़ा ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती दे रही है।

Read more on Newsbrief