Brief By Newsbrief / 11:24 AM on 10 Apr 2026
गढ़वा जिले के केतार प्रखंड कार्यालय से सरकारी कार्यशैली को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कार्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ कर्मचारी कथित रूप से शराब के नशे में हंगामा करते और लोगों से गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि लिपिक जितेंद्र कुमार, जनसेवक नीरज सिंह और अंचल कर्मचारी राजेश त्रिपाठी नशे की हालत में कार्यालय पहुंचे और करीब दो घंटे तक जमकर हो-हल्ला किया।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब लिपिक जितेंद्र कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार से भी कथित रूप से अभद्र भाषा में बात की। कार्यालय पहुंचे आम लोगों ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने चिकित्सक डॉ. सूर्यकांत को बुलाया, जिन्होंने संबंधित कर्मियों का ब्लड सैंपल लिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जहां से विकास योजनाओं का संचालन होता है, वहां इस तरह का माहौल बेहद चिंताजनक है। उप विकास आयुक्त ने कहा है कि घटना की जानकारी मिली है, रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।