Brief By Newsbrief / 10:50 AM on 10 Apr 2026
झारखंड के कोयलांचल इलाके में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) की उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर सबजोनल कमेटी ने हाल ही में रांची के मैक्लुस्कीगंज और पिपरवार क्षेत्र में हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। संगठन की ओर से जारी हस्तलिखित पर्चे में बताया गया है कि गुरुवार सुबह करीब छह बजे मुंडाचौड़ा और पिपरवार के छह नंबर कांटा घर के पास की गई फायरिंग चेतावनी स्वरूप थी। इस घटना में वासुदेव गंझू घायल हो गए।
पर्चे में संगठन के सदस्य ऋषिकेश जी ने कहा है कि पिपरवार और अशोका क्षेत्र के डीओ होल्डर, लिप्टर और उप-समिति सदस्य संगठन के निर्देशों की अनदेखी कर रहे थे, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई। टीपीसी ने पिपरवार, अशोका, केडीएच, डकरा, रोहिणी, चूरी और पुरनाडीह क्षेत्रों में कार्यरत सभी व्यापारियों और ठेकेदारों को सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी काम की शुरुआत से पहले संगठन से संपर्क करना अनिवार्य है। अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस धमकी के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है।