Back

गर्मियों में तेज हवा और बारिश के बीच आकाशीय बिजली का खतरा, जानें सुरक्षित रहने के उपाय

Brief By Newsbrief / 6:31 PM on 09 Apr 2026


झारखंड में गर्मियों के मौसम में अचानक मौसम बदलने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बढ़ जाता है। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल से जून के बीच ऐसे हादसों की आशंका सबसे ज्यादा रहती है। हाल ही में हज़ारीबाग़ और जमशेदपुर के मानगो के डिमना में वज्रपात से दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं। घर के अंदर रहना सबसे सुरक्षित है, बिजली के उपकरणों और तार वाले फोन से दूरी बनाएं, खिड़कियां व दरवाजे बंद रखें। धातु की वस्तुओं, पाइप या वॉश बेसिन के संपर्क में आने से बचें।

घर से बाहर होने पर पेड़ों, ऊंची जगहों और खुली जगहों से दूरी बनाएं। गाड़ी में रहना सुरक्षित है, लेकिन खुली छत वाले वाहनों से बचें। पानी के पास खड़े न रहें। यदि आकाशीय बिजली गिरने के संकेत मिलें—जैसे बाल खड़े होना या झुनझुनी—तो तुरंत झुककर बैठें। यदि किसी पर बिजली गिरे, तो उसे छूना सुरक्षित है और तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।

 

Read more on Newsbrief