Back

सारंडा में कुदरत का कहर: पेड़ गिरने से कोबरा जवान राकेश कुमार शहीद

Brief By Newsbrief / 5:28 PM on 08 Apr 2026


चाईबासा के पश्चिम सिंहभूम स्थित सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान एक दुखद हादसा हो गया। तेज आंधी और तूफान के बीच एक विशाल पेड़ सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अभियान के बीच हुए इस प्राकृतिक हादसे ने सुरक्षा बलों को भी झकझोर दिया।

घटना के बाद जवान राकेश कुमार को तत्काल हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके शहीद होने की खबर मिलते ही पूरे सीआरपीएफ कैंप में शोक का माहौल बन गया।

शहीद राकेश कुमार बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड स्थित धमनी गांव के निवासी थे। जैसे ही उनके शहीद होने की सूचना पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रांची स्थित सीआरपीएफ कैंप में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा।

 

Read more on Newsbrief