Brief By Newsbrief / 1:09 PM on 08 Apr 2026
जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पत्नी से कथित छेड़खानी का विरोध करना एक व्यक्ति को जान गंवाने की कीमत पर पड़ा। कदमडीह स्थित रेंगटाडीह में 44 वर्षीय परमेश्वर सिंह सरदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक घोड़ाडीह के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार आरोपी बुधराई सोय शराब के नशे में परमेश्वर के घर पहुंचा था। उस समय परमेश्वर घर पर नहीं थे। आरोप है कि आरोपी ने घर में घुसकर उनकी पत्नी के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किया। परिवार के अन्य लोगों ने विरोध किया तो वह हंगामा करते हुए वहां से चला गया।
घटना की सूचना मिलने पर परमेश्वर अपने एक साथी के साथ आरोपी के घर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि बुधराई सोय ने परमेश्वर पर बेरहमी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी बिमला देवी के बयान पर पुलिस ने हत्या और छेड़खानी का मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।