Brief By Newsbrief / 1:06 PM on 08 Apr 2026
खरसावां-सारायकेला मुख्य सड़क पर स्थित बुरूडीह गांव में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक बेकाबू हाईवा सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए सीधे एक घर में जा घुसा। गनीमत रही कि हादसे के समय घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर का एक हिस्सा टूट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा काफी तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, सड़क पर स्पीड कंट्रोल के उपाय करने और भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर उचित मुआवजा और कार्रवाई का भरोसा दिया। सड़क जाम के कारण काफी देर तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।