Brief By Newsbrief / 6:29 PM on 04 Apr 2026
रांची : राजधानी रांची के रातू प्रखंड अंतर्गत बाजपुर पंचायत के पंडरा गांव में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे दोपहर में घर से खेलने के लिए निकले थे। खेलते-खेलते वे गांव के समीप स्थित तालाब तक पहुंच गए। गर्मी और खेल-खेल में दोनों बच्चे तालाब में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं लगा और वे अचानक गहरे पानी में समा गए।
बच्चों को पानी में डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और तुरंत तालाब में कूदकर उन्हें बचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना के बाद पंडरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर आंख नम है और परिवार वालों का दुख देख ग्रामीण भी गमगीन हैं। यह हादसा गांव के लिए गहरा सदमा बन गया है।