Back

“मैं अभी आता हूं” कहकर निकले पशु चिकित्सक की हत्या, झाड़ियों में मिला शव

Brief By Newsbrief / 12:39 PM on 04 Apr 2026


चतरा जिले में एक पशु चिकित्सक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गंधरिया बहराकोचा गांव निवासी जोगेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो चतरा के पशुपालन विभाग में तैनात थे। परिजनों के अनुसार, वह शनिवार शाम करीब छह बजे घर पहुंचे थे। घर पर सब्जी देने के बाद उन्होंने कहा, “खाना बनाइए, मैं थोड़ी देर में आता हूं”, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।

रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। रविवार सुबह महुआ चुनने जंगल जा रहे ग्रामीणों ने तपेज-रमना मुख्य सड़क के पास झाड़ियों में शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर मुखिया कृष्णा दुबे ने पुलिस को खबर दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव पर कई गंभीर जख्म मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हो गई है। घटनास्थल से डॉक्टर की मोटरसाइकिल और मोबाइल भी बरामद हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग से डॉग स्क्वाड टीम बुलाई गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया।

Read more on Newsbrief