Brief By Newsbrief / 3:58 PM on 03 Apr 2026
झारखंड सरकार ने मद्य एवं उत्पाद विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नई पोस्टिंग की अधिसूचना जारी कर दी है। इस बदलाव के तहत सहायक आयुक्त, अधीक्षक और निरीक्षक स्तर के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार का उद्देश्य विभागीय कार्यों में तेजी लाना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
जारी आदेश के अनुसार, गजेंद्र कुमार सिंह को संयुक्त आयुक्त उत्पाद, रांची नियुक्त किया गया है। उमाशंकर सिंह को बोकारो से स्थानांतरित कर सहायक आयुक्त उत्पाद, रांची की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि संजय कुमार मेहता को मुख्यालय से बोकारो भेजा गया है।
जिलों में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। अरविंद कुजूर को चाईबासा से रामगढ़, अरुण कुमार मिश्र को रांची से जमशेदपुर और सुनील कुमार चौधरी को हजारीबाग में नई जिम्मेदारी दी गई है। रामलीला रवानी को धनबाद से दुमका भेजा गया है।
अधीक्षक और निरीक्षक स्तर पर भी कई अहम तबादले हुए हैं। साहेबगंज, पाकुड़, देवघर, दुमका, गढ़वा, चतरा और गोड्डा समेत कई जिलों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। माना जा रहा है कि इस बड़े फेरबदल से विभागीय निगरानी, राजस्व संग्रह और प्रशासनिक दक्षता में सुधार होगा।