Brief By Newsbrief / 1:53 PM on 02 Apr 2026
धनबाद में बीसीसीएल के मृत श्रमिकों के आश्रितों को नियोजन देने की मांग को लेकर जनता मजदूर संघ का गुस्सा फूट पड़ा है। गुरुवार को संघ ने रणधीर वर्मा चौक पर सामूहिक उपवास सत्याग्रह और धरना शुरू किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता इसमें शामिल हुए तथा बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरना को संबोधित करते हुए संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह ने कहा कि कोल इंडिया की बोर्ड बैठकों में श्रमिक हित में कई नीतियां बनाई जाती हैं, लेकिन उनका पालन जमीन पर नहीं होता। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में यह तय हुआ था कि मृत श्रमिकों के आश्रितों को 86 दिनों के भीतर नए एसओपी के तहत नौकरी दी जाएगी, लेकिन अब तक एक भी मामले में इसका पालन नहीं हुआ।
उन्होंने दावा किया कि बीसीसीएल में फिलहाल 1400 से 1500 नियोजन के मामले लंबित हैं। साथ ही नियोजन प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और घूसखोरी के गंभीर आरोप भी लगाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, यहां तक कि कोयला उत्पादन ठप करने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।