Brief By Newsbrief / 10:26 AM on 02 Apr 2026
झारखंड में अंधविश्वास ने एक मासूम की जान ले ली। तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक मां ने तांत्रिक के बहकावे में आकर अपनी ही बेटी की बलि चढ़ा दी। बताया जा रहा है कि महिला का बेटा लंबे समय से बीमार था। इसी बीच एक तांत्रिक ने उसे विश्वास दिलाया कि बेटे को सभी बीमारियों से मुक्ति तभी मिलेगी, जब किसी कुंवारी लड़की की बलि दी जाए।
अंधविश्वास में डूबी मां ने अपनी ही मासूम बेटी को इस काले कर्म का शिकार बना दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में तंत्र-मंत्र और मानव बलि की बात सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मां, तांत्रिक और एक अन्य सहयोगी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और तांत्रिक प्रपंच की भयावह तस्वीर सामने लाती है।