Brief By Newsbrief / 3:16 PM on 01 Apr 2026
धनबाद में बुधवार को हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में रामनवमी की शाम 12 वर्षीय सुमन कुमारी के साथ हुए दुष्कर्म और निर्मम हत्या कांड के विरोध में मानव अधिकार संगठन ने जोरदार पैदल मार्च और प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्य बैनर और पोस्टर लेकर आयकर कार्यालय क्षेत्र से निकले और रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल तक पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, एसआईटी गठन और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग जोर-शोर से उठी।
संगठन की प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री गीता सिंह ने कहा कि सुमन को न्याय दिलाने के लिए लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन राज्य सरकार अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के एक सप्ताह बाद भी न तो आरोपी पकड़े गए हैं और न ही पीड़ित परिवार को किसी प्रकार का मुआवजा मिला है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मामले में हाई कोर्ट ने भी संज्ञान लेते हुए सरकार से जवाब मांगा है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मशाल जुलूस, उग्र आंदोलन और झारखंड बंद जैसे बड़े कदम उठाए जाएंगे।