Brief By Newsbrief / 11:34 AM on 31 Mar 2026
रांची : जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां चितरंजन मुंडा नामक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती पत्नी गांगी देवी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शराब का आदी था और आए दिन पत्नी से विवाद करता था। सोमवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आरोपी ने लोहे की रॉड से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका पांच छोटे बच्चों की मां थी और गर्भवती भी थी, जिससे यह घटना और भी मार्मिक हो गई है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।