Brief By Newsbrief / 4:01 PM on 30 Mar 2026
बिहार की राजनीति में सोमवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा पत्र जेडीयू एमएलसी संजय गांधी विधान परिषद लेकर पहुंचे, जहां इसे औपचारिक रूप से सभापति को सौंप दिया गया। मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत यह इस्तीफा दिया गया है।
नीतीश कुमार हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं, जिसके बाद नियमों के अनुसार उन्हें राज्य विधानमंडल की सदस्यता छोड़नी थी। इसी के तहत उन्होंने परिषद से इस्तीफा दिया। हालांकि इस कदम के बाद बिहार की राजनीति में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं।
जेडीयू और एनडीए खेमे में इस फैसले को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा और क्या राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की पटकथा लिखी जा चुकी है।