Brief By Newsbrief / 11:02 AM on 30 Mar 2026
धनबाद: जिले में विकास योजनाओं को नई गति मिली है। सांसद ढुल्लू महतो ने एक कार्यक्रम के दौरान अपने दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि जिन योजनाओं पर दशकों तक काम नहीं हुआ, उन्हें अब आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि मात्र तीन महीने के भीतर धनबाद को चार नई ट्रेनों की सौगात दिलाई गई, जिससे जिले की रेल कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
सांसद ने कहा कि गोविंदपुर और निरसा में एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही गया पुल से मटकुरिया होते हुए विनोद बिहारी चौक तक फ्लाईओवर निर्माण भी जोर-शोर से जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की सबसे बड़ी समस्या, यानी जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी कहा कि धनबाद में रिम्स जैसे बड़े अस्पताल के निर्माण की मांग को लेकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष जल्द प्रस्ताव रखा जाएगा, ताकि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।