Back

कोयल नदी पुल की मरम्मत पूरी, लोहरदगा स्टेशन से फिर शुरू हुआ ट्रेनों का परिचालन

Brief By Newsbrief / 1:59 PM on 28 Mar 2026


लोहरदगा रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पहले कोयल नदी पर बने रेलवे पुल के पिलर संख्या 115 की मरम्मत का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। 4 जनवरी 2026 को इस पिलर में दरार आने के बाद राजधानी समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया था। रेलवे ने तत्काल नए पिलर के निर्माण और मरम्मत कार्य का निर्देश जारी किया था।

लगातार तेज गति से काम करते हुए 27 मार्च को मरम्मत और निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया। इसके बाद रेलवे द्वारा पहले टावर कार और फिर लाइट इंजन के माध्यम से सफल ट्रायल रन किया गया। ट्रायल सफल रहने के बाद 28 मार्च से लोहरदगा स्टेशन होकर सभी ट्रेनों का परिचालन पहले की तरह शुरू कर दिया गया है।

अब राजधानी सहित सभी ट्रेनें पूर्व निर्धारित समयानुसार चलेंगी। पहले दिन यात्रा करने पहुंचे यात्रियों में खुशी साफ देखी गई। यात्रियों का कहना है कि इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी तथा व्यवसायिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

रांची मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने स्वयं रांची से टोरी तक सभी स्टेशनों और कोयल नदी पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शेष मरम्मत कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा और अब सभी ट्रेनें पूर्व की भांति लोहरदगा स्टेशन से होकर गुजरेंगी।

Read more on Newsbrief