Brief By Newsbrief / 6:05 PM on 27 Mar 2026
पलामू: पलामू जिले के चियांकी स्थित हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू करने का मुद्दा एक बार फिर लोकसभा में जोर-शोर से उठाया गया है। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम इस मामले को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं और उन्होंने शून्यकाल के दौरान केंद्र सरकार से इस दिशा में ठोस पहल करने की मांग की।
सांसद ने ‘उड़ान योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य दूरदराज और पिछड़े क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ना है। ऐसे में चियांकी एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने से पलामू और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक, सामाजिक व पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से केंद्र को प्रस्ताव भेजना जरूरी है, जो अब तक नहीं भेजा गया है। सांसद ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से आवश्यक दिशा-निर्देश और संबंधित पत्र उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि राज्य सरकार से समन्वय कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सांसद के इस प्रयास से क्षेत्र में उम्मीद जगी है कि जल्द ही चियांकी एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू हो सकती है।