Brief By Newsbrief / 12:24 PM on 25 Mar 2026
हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना और गोरहर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित लेबड़ा जमुआ गांव में मंगलवार को मंगला जुलूस के दौरान अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग ढाई बजे जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था, तभी रास्ते को लेकर पुलिस और जुलूस में शामिल लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस प्रशासन द्वारा जुलूस के लिए तय किए गए मार्ग का पालन कराने की कोशिश की जा रही थी, जबकि कुछ लोग दूसरे रास्ते से जुलूस निकालना चाहते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर झड़प में बदल गई।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। हालांकि, समय रहते पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है, और पुलिस द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।