Brief By Newsbrief / 5:26 PM on 21 Mar 2026
रांची में प्रकृति पर्व सरहुल के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अलग अंदाज देखने को मिला। वह अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन तथा बच्चों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। सभी ने सफेद और लाल रंग के पारंपरिक परिधान पहनकर इस खास पर्व की गरिमा को और बढ़ाया।
मुख्यमंत्री सिरमटोली स्थित सरना स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ प्रकृति की पूजा की गई।
सीएम हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि सरहुल केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन के बीच गहरे संबंध का प्रतीक है। यह पर्व हमें जल, जंगल और जमीन के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी उन्होंने राज्यवासियों को बधाई देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की और “जोहार” व “जय झारखंड” के साथ अपना संदेश साझा किया।