Brief By Newsbrief / 6:08 PM on 19 Mar 2026
सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब प्रखंड प्रमुख आरती हांसदा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हो गया। प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में इस प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा के बाद गुप्त मतदान कराया गया।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने की। इस दौरान कुल 25 पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें स्वयं प्रमुख आरती हांसदा भी शामिल थीं, जबकि एक सदस्य अनुपस्थित रहा।
चर्चा के दौरान कई सदस्यों ने प्रमुख की कार्यशैली पर असंतोष जताया और अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में अपनी बात रखी। मतदान के बाद परिणाम सामने आया, जिसमें 22 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में और 2 ने विरोध में मतदान किया। स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण आरती हांसदा को अपने पद से हटना पड़ा।
अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने बताया कि पंचायत नियमावली 2005 के तहत प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार की वोटिंग में सांसद और विधायक भाग नहीं ले सकते।