Brief By Newsbrief / 12:46 PM on 18 Mar 2026
राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला सदर अस्पतालों में टेली-आईसीयू की स्थापना की जाएगी। इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों, सदर अस्पतालों के अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ वर्चुअल बैठक की।
बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि टेली-आईसीयू के सफल संचालन के लिए आवश्यक उपकरणों और प्रशिक्षित मानव संसाधन की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। टेली-आईसीयू के माध्यम से गंभीर मरीजों की निगरानी विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दूरस्थ रूप से की जा सकेगी, जिससे छोटे जिलों में भी बेहतर इलाज उपलब्ध हो पाएगा।
इस पहल से खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को लाभ मिलेगा। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे अस्पतालों में भी अब आधुनिक तकनीक के जरिए बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। सरकार का यह कदम स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।