Brief By Newsbrief / 10:53 AM on 18 Mar 2026
रामगढ़ स्थित एनटीपीसी की इकाई पतरातू सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (चरण-I) ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। परियोजना की दूसरी 800 मेगावाट यूनिट का सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइजेशन कर लिया गया है, जो इसकी प्रगति में एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर पीवीयूएनएल के CEO ए.के. सहगल के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अनुपम मुखर्जी (मुख्य महाप्रबंधक-परियोजना), मनीष खेतरपाल (महाप्रबंधक-O&M), बिश्नु दत्ता दाश (महाप्रबंधक-परियोजना), ओ.पी. सोलंकी (महाप्रबंधक-मेंटेनेंस), जोगेश चंद्र पात्रा (महाप्रबंधक-कमीशनिंग) और जियाउर रहमान (HOHR) शामिल थे।
सीईओ ए.के. सहगल ने इस उपलब्धि पर पीवीयूएनएल और बीएचईएल की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन चुनौतियों के बावजूद टीम ने समर्पण और मेहनत से यह सफलता हासिल की है।
यूनिट-2 का सफल सिंक्रोनाइजेशन पीवीयूएनएल, बीएचईएल और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल, सटीक योजना और मजबूत टीमवर्क का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल परियोजना की तेज रफ्तार को दर्शाती है, बल्कि देश के ऊर्जा-सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम भी मानी जा रही है।