Brief By Newsbrief / 4:24 PM on 17 Mar 2026
सरायकेला जिले के गम्हारिया थाना क्षेत्र स्थित अंजनेय इस्पात लिमिटेड कंपनी के स्टोर रूम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही चोरी किए गए कीमती सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वादी गौरव राज सिंह के आवेदन पर 12 मार्च 2026 को अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि 11-12 मार्च की मध्यरात्रि में चोरों ने स्टोर रूम का ताला तोड़कर तांबे के दो बाल्टीनुमा ट्यूयर और पीतल के चार ब्रास बुश की चोरी कर ली थी।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने बजरंग कुमार महतो, लखन महतो, विशाल लोहार, आकाश गोराई, गौतम कुमार और आसिफ अली को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर करीब 48 किलोग्राम वजन के दो कॉपर ट्यूयर और लगभग 66 किलोग्राम के चार ब्रास बुश बरामद किए गए। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किया गया छोटा हाथी वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।