Brief By Newsbrief / 2:34 PM on 16 Mar 2026
धनबाद: झारखंड सरकार द्वारा राज्य में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों की पुलिस को नए वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में धनबाद पुलिस को कुल 85 नए वाहन मिले हैं, जिनमें 40 चारपहिया और 45 दोपहिया वाहन शामिल हैं।
सोमवार को धनबाद पुलिस लाइन में इन वाहनों के वितरण को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को जिले के विभिन्न थानों के लिए रवाना किया।
इस मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि नए वाहनों के मिलने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। इससे अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में काफी मदद मिलेगी। किसी भी सूचना पर पुलिस अब तेजी से घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।
कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसमें एसीपी, डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और विभिन्न थानों के थाना प्रभारी शामिल थे। अधिकारियों ने कहा कि नए वाहनों से पुलिस को काफी सहूलियत मिलेगी और जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।