Brief By Newsbrief / 10:18 AM on 12 Mar 2026
धनबाद शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मिलावटी पनीर और घी जब्त किया। बरटांड़ बस स्टैंड के पास पूजा टॉकीज इलाके में गोपनीय सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें करीब 1400 किलो संदिग्ध पनीर और घी के 6 टिन बरामद किए गए। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 से 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बिहार से आने वाली बुंदेला एसी बस (BR 21P 3632) से यह पनीर धनबाद लाया जा रहा था, जिसे शहर के विभिन्न बाजारों में खपाने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई का नेतृत्व फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार ने किया। मौके पर ही पनीर का स्टार्च टेस्ट किया गया, जिसमें सभी नमूने फेल पाए गए। प्रारंभिक जांच में पनीर के मिलावटी और निम्न गुणवत्ता का होने की पुष्टि हुई है। जब्त खाद्य सामग्री के नमूनों को आगे की जांच के लिए स्टेट फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी, रांची भेजा गया है।
रिपोर्ट आने के बाद संबंधित आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डीएसपी-2 धीरेंद्र बांका, मनोज पांडे और धनबाद थाना प्रभारी एसआई देव आनंद यादव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना देने की अपील की है।