Brief By Newsbrief / 11:33 AM on 11 Mar 2026
धनबाद में एटीएम मशीन से ठगी करने का एक नया तरीका सामने आया है, जिससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। केंदुआडीह थाना क्षेत्र के कुसतौर स्थित एसबीआई एटीएम में एक आरोपी द्वारा मशीन के साथ छेड़छाड़ कर लोगों के पैसे फंसाकर ठगी की जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में तेतुलमारी थाना क्षेत्र निवासी धीरज कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है।
केंदुआडीह थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय ने बताया कि कुसतौर स्थित एसबीआई का एटीएम फिलहाल गार्ड रहित है और पिछले कुछ दिनों से वहां संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं। इसी बीच महफूज आलम नामक व्यक्ति पैसे निकालने एटीएम पहुंचे। उनका पैसा खाते से कट गया, लेकिन मशीन से बाहर नहीं निकला। उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी।
कुछ देर बाद धीरज कुमार पासवान एटीएम पहुंचा और फंसे हुए पैसे निकालने की कोशिश करने लगा। इस पर लोगों को शक हुआ और उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जांच में पता चला कि आरोपी ने पैसे निकलने वाले स्लॉट पर टिन का एक बॉक्स लगाकर उसे काले टेप से ढक दिया था, जिससे पैसा बॉक्स में फंस जाता था और वह बाद में उसे निकाल लेता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, किसी दूसरे व्यक्ति का एटीएम कार्ड और टिन बॉक्स बरामद किया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।