Brief By Newsbrief / 4:41 PM on 02 Mar 2026
धनबाद : नगर निकाय चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद चिरकुंडा नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनीता देवी ने अपने समर्थकों के साथ आभार विजय यात्रा निकाली। आभार यात्रा की शुरुआत कुमारधुबी, सरस पहाड़ी स्थित होटल पटियाला के समीप से हुई। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता हाथों में झंडा लिए “सुनीता देवी जिंदाबाद” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा पैदल मार्च करते हुए तालडंगा होते हुए चिरकुंडा शहीद चौक पहुंची, जहां उन्होंने शहीद बेदी पर माल्यार्पण किया। इसके बाद चिरकुंडा थानामोड़ के समीप विशाल सभा आयोजित की गई। रास्ते में लोग अबीर और गुलाल एक-दूसरे पर लगाते दिखे और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया गया, जिसे देखकर ऐसा लग रहा था जैसे होली और दीपावली एक साथ मनाई जा रही हो।
सुनीता देवी ने 21 वार्ड की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जनता का प्यार और समर्थन मिला है। उन्होंने वादा किया कि वे प्रत्येक माह जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं से अवगत होंगी और उनका समाधान करने का प्रयास करेंगी। इस मौके पर समर्थक और स्थानीय लोग उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुए।