Brief By Newsbrief / 4:25 PM on 02 Mar 2026
रांची में होली के मौके पर अवैध शराब बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए उत्पाद विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने बताया कि पिछले एक महीने के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई है। ढाबों, लाइन होटलों और संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
इस दौरान विभाग ने लगभग 2538 लीटर अवैध शराब, 6000 लीटर से अधिक स्प्रिट और 100 लीटर बीयर जब्त किया। अवैध शराब के कारोबारियों पर सख्ती करते हुए 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। विभाग ने कहा कि त्योहार के समय अवैध शराब की मांग बढ़ जाती है, जिससे कुछ लोग गैरकानूनी कारोबार करने की कोशिश करते हैं।
उमा शंकर सिंह ने आम लोगों से अपील की कि केवल लाइसेंसी दुकानों से ही शराब खरीदें। मिलावटी या अवैध शराब स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसी को अवैध शराब निर्माण, बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। विभाग होली के दौरान अभियान और तेज कर सुरक्षित त्योहार सुनिश्चित करेगा।