Brief By Newsbrief / 11:13 AM on 02 Mar 2026
होली महापर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण एवं परोसने पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावाँ जिले में विशेष सघन जांच एवं तलाशी अभियान चलाया गया। उपायुक्त के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे स्थित विभिन्न लाइन होटलों—महेश होटल, त्रिवेणी होटल, शत्रुघ्न होटल, अनन्या होटल एवं गोल्डन लीफ होटल—में छापेमारी की गई।
जांच के दौरान महेश होटल एवं अनन्या होटल में ग्राहकों को अवैध रूप से मदिरा परोसे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों होटल संचालकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।