Brief By Newsbrief / 1:43 PM on 26 Feb 2026
रांची: झारखंड विधानसभा में एक बार फिर जमीन घोटालों का मुद्दा गरमाया। अदालत के आदेश के बाद कई इलाकों में अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाने के बीच कांग्रेस विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने सीएनटी जमीन के अवैध हस्तांतरण पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि आदिवासी जमीन की गैरकानूनी खरीद-बिक्री हो रही है तो यह केवल खरीददारों की जिम्मेदारी नहीं है। सवाल यह है कि ऐसे मामलों में नक्शा पास करने, बिजली कनेक्शन देने और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले अधिकारी कैसे बच जाते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध तरीके से मकान बनाकर बसावट बढ़ाई जा रही है, जिससे आदिवासी क्षेत्रों की जनसंख्या संरचना प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे पर विधायक राजेश कच्छप ने भी कहा कि यदि दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
सरकार की ओर से जवाब देते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि सीएनटी जमीन के अवैध हस्तांतरण के मामलों की जांच कराई जाएगी और प्रमाण मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।