Brief By Newsbrief / 4:12 PM on 25 Feb 2026
रांची स्थित राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (RIMS) की अधिग्रहित जमीन पर कथित अवैध कब्जा और फर्जी खरीद-बिक्री के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीबी ने बड़गाई अंचल के वर्तमान और पूर्व अंचल अधिकारी (CO), अंचल कर्मियों, स्थानीय अमीन, राजस्व कर्मचारियों और कथित बिचौलियों समेत कुल 10 लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
सूत्रों के अनुसार, झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर RIMS जमीन प्रकरण की जांच एसीबी को सौंपी गई थी। जांच में संकेत मिले हैं कि 1993 के बाद अधिग्रहित भूमि पर अवैध कब्जा हुआ और नियमों के विपरीत रजिस्ट्री कराई गई। प्रारंभिक दस्तावेजी जांच में दाखिल-खारिज और निबंधन प्रक्रिया में अनियमितताओं और संभावित मिलीभगत के संकेत मिले हैं।
एसीबी ने कहा है कि अब तक जुटाए गए दस्तावेज़ और बयानों के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका चिन्हित की जा रही है। आरोप है कि कुछ की सांठगांठ से जमीन का म्यूटेशन और रजिस्ट्री निजी नामों पर की गई। जांच पूरी होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।