Brief By Newsbrief / 6:54 PM on 24 Feb 2026
धनबाद: जिले के पाथरडीह सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनबाजार स्थित पथरकट्टा मोहल्ले में उस समय सनसनी फैल गई, जब 38 वर्षीय गणेश रवानी उर्फ बबुआ का शव पास के एक कुएं में तैरता हुआ पाया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार गणेश रवानी पिछले आठ दिनों से घर से लापता था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मृतक के बड़े भाई राजू ने बताया कि आज स्थानीय लोगों से कुएं में शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जब शव बाहर निकलवाया गया तो वह उनके भाई का निकला। गणेश अविवाहित था और डेकोरेटर में मजदूरी का काम करता था। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।