Back

“पहले मतदान, फिर जलपान” का दिखा असर: गढ़वा में सुबह से बूथों पर उमड़ी भीड़

Brief By Newsbrief / 11:02 AM on 23 Feb 2026


गढ़वा : नगर निकाय चुनाव को लेकर सुबह से ही लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। चुनाव आयोग के “पहले मतदान, फिर जलपान” स्लोगन का व्यापक असर नजर आया और बड़ी संख्या में मतदाता अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर मतदान में हिस्सा लेते दिखे।

गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 स्थित गोविंद स्कूल और वार्ड संख्या 15 के सहिजना समुदाय भवन में सुबह से लंबी कतारें लगी रहीं। महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते रहे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती रही।

इस बार कई मतदाताओं ने पहली बार बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान किया, जिसे लेकर खासा उत्साह दिखा। कुछ मतदाताओं ने नगर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही, तो कुछ ने बदलाव की उम्मीद के साथ वोट डाला।

जिले में एक नगर परिषद और दो नगर पंचायतों के लिए मतदान कराया जा रहा है। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

Read more on Newsbrief