Brief By Newsbrief / 12:48 PM on 20 Feb 2026
रांची: झारखंड सरकार राज्य की महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर बनने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में महिला दिवस के अवसर पर सहिया कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने विधानसभा बजट सत्र में बताया कि सहिया बहनों को एक वर्ष के भुगतान के रूप में एकमुश्त 24,000 रुपये की राशि दी जाएगी।
यह घोषणा मांडू विधायक निर्मल महतो के सवाल के जवाब में हुई। उन्होंने सदन में ध्यान दिलाया कि सहिया बहनें अपनी मांगों को लेकर विधानसभा के बाहर धरना दे रही हैं और उन्हें मिलने वाला मासिक भुगतान समय पर नहीं हो रहा है। विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि इस मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र समाधान निकाला जाए।
मंत्री अंसारी ने बताया कि यह राशि महिला दिवस के दिन वितरित की जाएगी, जिससे सहिया कार्यकर्ताओं का वित्तीय सहयोग सुनिश्चित होगा और उन्हें अपने कार्यों को और बेहतर तरीके से करने में मदद मिलेगी। इस कदम से राज्य की महिला सशक्तिकरण योजनाओं को और मजबूती मिलेगी और सहियाओं की मेहनत की उचित मान्यता भी मिलेगी।