Brief By Newsbrief / 6:37 PM on 18 Feb 2026
आठवें वेतन आयोग के नाम पर एक बड़ा साइबर फ्रॉड सामने आया है, जिसमें ठग व्हाट्सएप मैसेज के जरिए लोगों को एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए उकसा रहे हैं. यह फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल में मैलवेयर इंस्टॉल हो जाता है और साइबर अपराधी बैंक खातों तक पहुंच बनाकर रकम निकाल लेते हैं.सरकार ने ‘साइब दोस्त 14 सी’ अभियान के तहत नागरिकों को सतर्क किया है. जारी अलर्ट में साफ कहा गया है कि आठवें वेतन आयोग से जुड़ी किसी भी आधिकारिक जानकारी के लिए केवल 8cpc.gov.in वेबसाइट पर ही जाएं. किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध ऐप को डाउनलोड न करें.विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के मैसेज अक्सर सरकारी नोटिस या जरूरी अपडेट के नाम पर भेजे जाते हैं, ताकि लोग जल्दबाजी में क्लिक कर दें. नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी और व्यक्तिगत विवरण किसी के साथ साझा न करें.साइबर सुरक्षा के लिए जरूरी है कि फोन में केवल अधिकृत ऐप स्टोर से ही एप्लिकेशन डाउनलोड करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएं. सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है.