Back

मालगाड़ी की टक्कर से हाथी शावक की मौत, झुंड ने रेल रोकी, कई ट्रेनें फंसीं

Brief By Newsbrief / 11:48 AM on 17 Feb 2026


चंदवा : बरकाकाना–बरवाडीह रेलखंड पर बीते देर शाम बड़ा हादसा हुआ। आमिलान और निद्रा स्टेशन के बीच एक मालगाड़ी की चपेट में हाथी का शावक आ गया। गंभीर रूप से घायल शावक की देर रात मौत हो गई। घटना के बाद हाथियों का झुंड आक्रोशित होकर रेल पटरी पर डट गया, जिससे इस व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया।

घंटों तक चलने वाले गतिरोध के दौरान रांची–गरीब रथ एक्सप्रेस राय स्टेशन पर रुकी, टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस टोरी में खड़ी रही, जबकि पलामू एक्सप्रेस खलारी स्टेशन पर तीन घंटे से अधिक फंसी रही। जम्मूतवी, हावड़ा–भोपाल, सासाराम इंटरसिटी और रांची–बनारस एक्सप्रेस को भी अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

वन विभाग की टीम मशाल की मदद से हाथियों को ट्रैक से हटाने का प्रयास करती रही। करीब साढ़े चार घंटे बाद रात 12 बजे झुंड सुरक्षित हटाया गया। रेलवे की ओर से स्पष्ट सूचना न मिलने के कारण यात्रियों की बेचैनी बढ़ गई, एसी कोच में एयर कंडीशनिंग बंद होने और पेंट्री कार की अनुपस्थिति से खाने-पीने में भी परेशानी हुई।

 

Read more on Newsbrief