Brief By Newsbrief / 6:13 PM on 11 Feb 2026
रांची: : दुबई में फंसे झारखंड के प्रवासी श्रमिकों के लिए राहत की खबर सामने आई है। 14 मजदूरों में से 11 की बुधवार को सुरक्षित भारत वापसी हो गई। सभी नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, कोलकाता पहुंचे, जहां समाजसेवी सिकन्दर अली ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें बस से हावड़ा स्टेशन भेजा गया, ताकि वे अपने-अपने जिलों के लिए रवाना हो सकें।
जानकारी के अनुसार, ये मजदूर अक्टूबर 2025 में EMC कंपनी के जरिए दुबई गए थे और ट्रांसमिशन लाइन परियोजना में कार्यरत थे। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें तय मजदूरी नहीं मिली, अतिरिक्त काम कराया गया और रहने-खाने की सुविधाएं भी संतोषजनक नहीं थीं। परेशान होकर उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर सरकार से मदद की गुहार लगाई थी।
मामला सामने आने पर झारखंड और केंद्र सरकार ने समन्वय कर उनकी वापसी सुनिश्चित की। वतन लौटते ही मजदूरों ने खुशी जताई और कहा कि यदि राज्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिलें तो पलायन कम हो सकता है। परिजनों ने सरकार और मददगारों का आभार व्यक्त किया है। शेष तीन मजदूरों को जल्द स्वदेश लाने की प्रक्रिया जारी है।