Brief By Newsbrief / 2:32 PM on 09 Feb 2026
साहिबगंज: जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। तीन पहाड़–तालझारी मुख्य सड़क पर स्थित कल्याणचक में दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। अपराधियों की बढ़ती घटनाओं से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।