Brief By Newsbrief / 12:31 PM on 06 Feb 2026
पलामू जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने पाटन प्रखंड में पदस्थापित रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार राम को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक लाभार्थी की शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, रोजगार सेवक ने सरकारी योजना के तहत राशि आवंटन के बदले लाभार्थी से रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने शिकायत की सत्यता की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।
तय रणनीति के अनुसार जैसे ही रोजगार सेवक ने सात हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने तत्काल उसे मौके पर ही धर दबोचा। इसके बाद रिश्वत की राशि का मिलान किया गया और हाथ धुलवाने पर रंग आने से रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
फिलहाल एसीबी आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस कार्रवाई से जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आम लोगों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।