Brief By Newsbrief / 11:00 AM on 06 Feb 2026
रांची: राजधानी रांची की प्रतिष्ठित मेयर सीट पर झामुमो ने बड़ा राजनीतिक फैसला लेने के संकेत दे दिए हैं। गैर आधिकारिक सूत्रों के अनुसार झामुमो अब इस सीट पर अपने प्रत्याशी उतारने के बजाय कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रमा खलखो को समर्थन दे सकता है। इसकी औपचारिक घोषणा नाम वापसी के अंतिम दिन देर शाम तक किए जाने की संभावना है।
पार्टी विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक झामुमो नेता के रूप में जिन प्रत्याशियों ने मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है, उन्हें अंदरूनी तौर पर नाम वापस लेने का निर्देश दे दिया गया है। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट कहा है कि वोटों के बिखराव को रोकते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ सभी को एकजुट होकर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में काम करना होगा। यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई पार्टी नेता नामांकन वापस नहीं लेता है, तो उसके खिलाफ चुनाव के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि निकाय चुनाव की घोषणा से पहले ही केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मेयर और वार्ड पार्षद पदों पर सर्वसम्मति बनाने का निर्देश दिया था, जिसके लिए कमेटी भी गठित की गई थी। हालांकि यह कमेटी सफल नहीं हो सकी और मेयर पद के लिए पार्टी से जुड़े छह नेताओं ने नामांकन दाखिल कर दिया। वार्ड स्तर पर भी ऐसी ही स्थिति रही। इससे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची जिला और नगर इकाई से नाराज बताए जा रहे हैं। चुनाव के बाद रांची जिला एवं नगर कमेटी में बड़े बदलाव और पुनर्गठन के संकेत मिल रहे हैं।