Brief By Newsbrief / 10:05 AM on 05 Feb 2026
धनबाद : नगर निकाय चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो गई, लेकिन इसके साथ ही सियासत का नया दौर शुरू हो गया है। नामांकन के आखिरी दिन शहर में जबरदस्त राजनीतिक हलचल देखने को मिली। भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल ने जब नामांकन दाखिल किया, तो मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व सांसद पी.एन. सिंह और पार्टी के कई अन्य विधायक मौजूद रहे।
इसी दिन झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह और भाजपा नेता मुकेश पांडे ने भी नामांकन किया। हालांकि, पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा विधायक रागिनी सिंह की गैरमौजूदगी को लेकर रही। वह न तो पार्टी समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल के नामांकन में दिखीं और न ही अपने पति संजीव सिंह के नामांकन में पहुंचीं। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
धनबाद की भाजपा राजनीति इस समय “चक्करघिरनी” की तरह घूमती नजर आ रही है। सबकी निगाहें अब नामांकन वापसी की तारीख और प्रदेश भाजपा के अंतिम रुख पर टिकी हैं। इसी बीच विधायक रागिनी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संजीव अग्रवाल को शुभकामनाएं देकर चर्चाओं को और हवा दे दी है। आने वाले दिन धनबाद की राजनीति को और दिलचस्प बना सकते हैं।